LA CASA DE PAPEL
(MONEY HEIST)
CREATED BY-ALEX PINA

        

साल 2017, स्पेन के एक टी. वी. चैनल ANTENA-3 में स्पैनिश भाषा में बनी फ़िल्म सीरीज़ LA CASA DE PAPEL(MONEY HEIST) का प्रसारण शुरू होता है. रुचि के साथ इस सीरीज़ को देखा जाता है और खूब पसंद भी किया जाता है. कुछ समय बाद बात आई-गई हो गयी. फिर 2017 के अंत में नेटफ्लिक्स इस सीरीज़ को बिना प्रचार-प्रसार के अंग्रेजी डब के साथ लाती है और कुछ ही महीनों में यह वेबसीरीज़ दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंच जाती है यही नहीं क्रिटिक्स से लेकर आम दर्शकों के बीच इसकी कथावस्तु, अभिनय, सस्पेंस, को लेकर खूब चर्चा होने लगती है. अंग्रेजी के अलावा किसी दूसरी भाषा में बनी यह सबसे ज़्यादा देखी जाने वाली वेबसीरीज़ बन जाती है. अभी हाल ही में लॉकडाउन के दौरान 3 अप्रैल को इसका चौथा पार्ट आया है और पहले की ही तरह इस बार भी यह वेबसीरीज़ नेटफ्लिक्स पर ट्रेंड कर रही है.यही नहीं आज के समय  में ' सेंस ऑफ ह्यूमर' का पर्याय बन गए 'मीम्स'(memes) की दुनिया में भी इसके पात्रों का जलवा बना हुआ है. इस वेबसीरीज़ को क्यों इतना पसंद किया जा रहा है? क्या चीज़ है जो इसे ख़ास बना देती?

इस वेबसीरीज़ का केंद्रीय पात्र है प्रोफ़ेसर नाम का व्यक्ति जो कि उसका बदला हुआ नाम है. उसे बचपन में एक ऐसी बीमारी होती है जिसके कारण उसे लोगों की हीनभावना का सामना करना पड़ता है और लगातार मानसिक यातना सहते हुए वह अपने बचपन का अधिकांश समय अस्पताल में बिताता है. लोगों के ताने सुनते हुए की वह एक कमजोर व्यक्ति है. उसके पिता चोरी करते हैं और उनका सपना है ' रॉयल मिंट ऑफ स्पेन ' यानि देश के सबसे बड़े बैंक में डाका डालना, लेकिन वह एक दिन पुलिस के हाथों मारे जाते हैं. और अब प्रोफेसर का सपना अपने पिता के सपने को पूरा करना है यानि 'रॉयल मिंट ऑफ स्पेन' में चोरी करके इतिहास की सबसे बड़ी चोरी को अंजाम देना.
इस काम को करने के लिए वह अपने ही जैसे आठ(8) अलग-अलग लोगों को इकट्ठा करता है जो चोरी-चकारी या ऐसे ही किसी काम में लगे हुए हैं. दरअसल ये सब वो लोग हैं जो हमारी सामाजिक व्यवस्था में मिसफिट हैं.वे लोगों की नज़रों में गिरे हुए लोग हैं और उनके जीवन का अब कोई ठिकाना नहीं है. उन सबका अपना-अपना इतिहास है , पश्चाताप है और जीवन को फिर से शुरू करने के जोख़िम भरे सपने हैं. प्रोफेसर इन सभी को 6 महीने पढ़ाता-सिखाता है कि कैसे इस चोरी को अंजाम देना है. वह प्लानिंग करने के मामले में जीनियस है उसके पास हर सिचुएशन का तोड़ है. वह इन सबकी असली पहचान को एक-दूसरे के सामने उजागर नहीं करता और उन्हें नए नाम देता है जो कि शहरों के नाम पर हैं जैसे- रियो,टोक्यो, नैरोबी, ओस्लो, बर्लिन आदि. इस चोरी को इस तरह अंजाम देना है. आठों लोग 'रॉयल मिंट ऑफ स्पेन' में घुसकर लोगों को बंधक बनाएंगे और 11 दिन तक अंदर ही रहकर वहां के कर्मचारियों से धुआंधार नोट छपवाऐंगे इस दौरान प्रोफेसर उन्हें बैंक के बाहर एक जगह से कंट्रोल करेगा और हर पुलिसिया गतिविधि के बारे में अंदर जानकारी पहुंचाएगा यानि प्रोफेसर इस चोरी का मास्टरमाइंड है. इस कहानी में मुख्य रूप से तीन घटना स्थल हैं. बैंक के अंदर चोर और बंधक, बैंक के बाहर नजदीक एक गुप्त जगह जहां से प्रोफेसर उन्हें कंट्रोल कर रहा है और तीसरा बैंक के बाहर एक टेंट में स्पेशल पुलिस की टीम.

आपने बहुत सी कहानियां पढ़ी होंगी और बहुत सिनेमा देखा होगा जो चोरी की घटनाओं पर आधारित हैं. लेकिन इस कहानी में ऐसी क्या बात है जो बाकियों से अलग है. दरअसल ये सिर्फ एक चोरी भर की कहानी नहीं है बल्कि प्रतिरोध का एक सशक्त प्रतीक भी है. चोर होने के बावजूद उनके कुछ मूल्य हैं और सबसे बड़ी बात उनकी संवेदनाएं मरी नहीं हैं. इसलिए इस चोरी का पहला ही नियम है कि बंधक बनाए हुए लोगों को ज़रा सी भी परेशानी नहीं होनी चाहिए, उनका पूरा ख्याल रखा जाएगा. उन चोरों में एक पिता-पुत्र की जोड़ी भी है. मॉस्को और डेनवर. एक जगह बहुत बड़ी विडंबना खड़ी होती है. डेनवर को एक महिला बंधक को जान से मारना है अगर वह नहीं मारेगा तो और कोई उसे निश्चित मारने वाला है. इस के बाद जो होता है वहीं से हमारी संवेदनाएं इन चोरों के पक्ष में हो जाती हैं. डेनवर के पिता को लगता है कि उसने हत्या कर दी है. वह बुरी तरह टूट जाता है उसे अपने बेटे से यह उम्मीद नहीं थी. उसे सांस लेने में तक़लीफ होने लगती है और इसी बीच वह अपने बेटे से कहता है- " we are here for a robbery...Not to kill...Or save lives. Why we did get in this mess".  वे चोरी करने आये हैं किसी तरह का ख़ून-ख़राबा करने नहीं.

इस वेबसीरीज़ के रोमांच को मैं एक उदाहरण के माध्यम से बताता हूँ. लगान फ़िल्म का अंतिम दृश्य याद कीजिये. गेंद हवा में है हमें नहीं पता क्या होगा. हम अपनी सीट से लगभग उठ जाते हैं, माहौल में अजीब टेंशन की स्थिति है और जैसे ही हमें पता लगता है कि हम जीत गए हैं तो कसम से लगता है दौड़कर स्क्रीन में घुस जायें और गांव वालों के जश्न में पागलों की तरह नाचने लगें. उस आनंद की व्याख्या शब्दों में नहीं हो सकती.
ठीक ऐसे ही इस वेबसीरीज़ में ग़जब का सस्पेंस है. पुलिस की हर चाल का जवाब प्रोफेसर के पास होता है. तू डाल-डाल मैं पात-पात. जैसे ही लगता है कि अब प्रोफेसर और उसकी टीम का खेल खत्म तभी वह पुलिस को गच्चा देकर निकल जाता है. और यह सब जिस तरह से होता है रोमांच उसी में है. ऐसे ही एक प्लान के कामयाब होने के बाद प्रोफेसर ऐसे जश्न मनाता है जैसे किसी खिलाड़ी ने अंतिम क्षणों में महत्वपूर्ण विकेट निकालकर मैच को अपने पक्ष में कर लिया हो. और उस समय हमें लगता है कि हम भी प्रोफेसर को ताली देते हुए जोर से ' yes, come on' चिल्लाएँ.



  • दाली का मास्क (salvador dali) बेला चाओ (Bella ciao) ओर वह लाल ड्रेस .

जैसा कि मैंने शुरू में कहा कि इस कहानी की ख़ास बात है इसमें कुछ ऐसे प्रतीकों का इस्तेमाल जो प्रतिरोध के प्रतीक हैं. और यही कारण है कि आज ' मनी हाईस्ट' दुनियाभर में प्रसिद्ध हो चुकी है. दरअसल इन चोरों ने एक खास मास्क का प्रयोग किया है ताकि पुलिस उनके चेहरों से उन्हें पहचान न ले. और वह मास्क है प्रसिद्ध 'दाली मास्क'. दाली स्पेन के मशहूर चित्रकार थे और उनका जीवन ही प्रतिरोध का प्रतीक है. दूसरा इस सीरीज़ में एक गाना है ' Bella ciao' जो कि दूसरे विश्वयुद्ध के समय इटली की सेना के लिए प्रतिरोध का थीम सॉन्ग बन गया था और मनी हाईस्ट में इस गाने के प्रयोग के बाद इस गाने को वैश्विक पहचान मिली है. और तीसरा यह कि मनी हाईस्ट के किरदारों ने एक विशेष प्रकार की लाल ड्रेस पहनी है जो कि अपने आप में प्रतिरोध का प्रतीक है. आलम यह है कि इस वेबसीरीज़ के आने के बाद तमाम प्रतिरोध जुलूसों में लोग इस लाल ड्रेस को पहनकर ,दाली मास्क लगाकर, बेला चाओ गाना गाते हुए शामिल होते हुए देखे जा सकते हैं. स्पेन को फुटबॉल की दीवानगी के लिए भी जाना जाता है. आप सोचिए हज़ारों की संख्या में दर्शक वही लाल ड्रेस पहने, दाली मास्क लगाए, बेला चाओ गाना गा रहे हैं. रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य. यह असल में हुआ है वो भी इस वेबसीरीज़ के आने के बाद.क्या खिलाड़ी क्या दर्शक सभी मनी हाईस्ट के दीवाने. यहां तक कि स्टार फुटबॉलर नेमार ने इस वेबसीरीज़ को देखने के बाद इसमें एक छोटे किरदार को निभाने की इच्छा जताई और इस तरह आप इसके तीसरे पार्ट में एक-दो जगह नेमार की झलक भी पा सकते हैं. एक्टर के तौर पर.


लेकिन सबसे बड़ी बात यह उठती है कि आखिर क्यों लोग इस वेबसीरीज़ को इतना पसंद कर रहे हैं? जबकि वे तो चोर हैं. एक जगह है जहां एक प्लान को समझाते हुए प्रोफेसर अपनी टीम से कहता है कि-" If you observe, by instinct , human beings always choose to side with the weaker one".  यानि हमारी संवेदनाएं हमेशा कमजोर के साथ होती हैं. और यही वह सूत्र है जिससे हम समझ सकते हैं कि क्यों दर्शक अपने आप को उन किरदारों से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं. उनके इतिहास को देखते हुए और, चोर होते हुए भी किसी को नुकसान न पहुंचाने की नीयत को देखते हुए, हम उनसे भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं. ये वो लोग हैं जो लगातार समाज के साथ-साथ खुद से भी लड़ रहे होते हैं. वे कहते हैं कि दुनियाभर में न जाने कितनी सांस्थानिक चोरियां होती हैं जिसका किसी को पता तक नहीं चलता जबकि हम बिना किसी को नुकसान पहुंचाए वही काम कर रहे हैं. वे बंधकों के घायल हो जाने पर उनका इलाज करते हैं उन्हें बचाने के लिए और, पुलिस इसके बदले में जो कर रही है वही देखकर हम प्रोफेसर और उसकी टीम के साथ खड़े हो जाते हैं. हर किरदार अपने तमाम अंतर्विरोधों के साथ यहां मौजूद है और हर घटना अप्रत्याशित है.

इस कहानी में प्रेम ऐसे आया है जैसे ' मेरा क़ातिल तू मेरा मुंसिफ तू'. ऐसी परिस्थितियां खड़ी होती हैं जब लगता है कि हमारी लड़ाई ही किसी ऐसे व्यक्ति से है जो हमें सबसे प्यारा है. हम दोराहे में खड़े होते हैं जहां से किसी भी एक रास्ते को चुनना मुश्किल हो जाता है. ' कुछ इश्क़ किया कुछ काम किया ' जैसी स्थिति खड़ी है और मजबूरी यह कि दोनों में से किसी को अधूरा नहीं छोड़ा जा सकता. इन रिश्तों के बीच की कशमकश को जिस खूबसूरती से लिखा गया है उसे देखकर हम अपने आप इन किरदारों से जुड़ जाते हैं. और इस सब को इतनी कुशलता से लिखा गया है कि किसी भी वर्ग का दर्शक कहीं भी कंफ्यूज नहीं होता.

अभिनय के स्तर पर सभी किरदारों ने बेहतरीन काम किया है. प्रोफेसर के किरदार को निभाने वाले Alvaro morte   और साथ ही अन्य कलाकारों को वैश्विक पहचान मिली है. व्यक्तिगत स्तर में मुझे बर्लिन का किरदार बहुत पसंद है.
मैं किसी प्रकार का दावा नहीं करता लेकिन इतना कह सकता हूँ कि आप इस वेबसीरीज़ को देखकर यह नहीं कहेंगे कि मेरा वक़्त बर्बाद हो गया. इस सीरीज़ के दो सीज़न हैं पहला एक कम्पलीट कहानी के साथ खत्म हो चुका है और दूसरी कहानी अभी चल रही है यानि इसके 4 पार्ट आ चुके हैं और पांचवे पार्ट का इंतज़ार इसके चाहने वालों को है. तब तक आप इसके 4 पार्ट देख सकते हैं. यह वेबसीरीज़ money Heist के नाम से नेटफ्लिक्स में देखी जा सकती है.


-सुरेंद्र कुमार




Comments